पश्चिमी यूपी में 8 जून को होगी किसान महापंचायत, 11वें दिन भी जारी रहा महिला किसानों का आंदोलन - City Channel

Breaking

Friday, May 22, 2026

पश्चिमी यूपी में 8 जून को होगी किसान महापंचायत, 11वें दिन भी जारी रहा महिला किसानों का आंदोलन

पश्चिमी यूपी में 8 जून को होगी किसान महापंचायत, 11वें दिन भी जारी रहा महिला किसानों का आंदोलन

🔻अवैध शराबबंदी, बिजली मीटर बहाली और किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर गांव-गांव पहुंच रहीं महिला किसान; मुरादाबाद जेल भरो आंदोलन में गिरफ्तारी देने का ऐलान।

सिटी स्टेट ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार

मोहनपुरा : संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के बैनर तले कासगंज में महिला किसानों द्वारा अपनी मूलभूत आवश्यकताओं और अधिकारों को लेकर चलाया जा रहा आंदोलन गुरुवार को ग्यारहवें दिन भी जारी रहा। भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद महिला किसानों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों को अपनी मांगों के समर्थन में जागरूक किया।

मोहनपुरा क्षेत्र में आंदोलनरत महिला किसान पहले गांव अफजलपुर में एकत्रित हुईं, जिसके बाद उन्होंने गांव टीकमपुरा पहुंचकर जनजागरण अभियान चलाया। महिला किसानों ने कहा कि वे संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के बैनर तले कासगंज के ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ और किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार अभियान चला रही हैं।

आंदोलनकारी महिलाओं का कहना है कि यदि शासन और प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान नहीं करता है, तो उनका शांतिपूर्ण आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

इसी बीच मोर्चा संस्थापक जितेंद्र शर्मा ने जानकारी दी कि मेरठ में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की बैठक में आगामी 8 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय किसान महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस महापंचायत के माध्यम से किसान विरोधी नीतियों और ताकतों के खिलाफ बड़ा संदेश दिया जाएगा।

महिला किसानों ने आंदोलन के दौरान अपनी प्रमुख मांगों को भी दोहराया। इनमें कासगंज के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने, गांवों में लगाए गए नए डिजिटल बिजली मीटर हटाकर पुराने मीटर बहाल करने तथा मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र में 24 किसानों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग शामिल है।

इसके अलावा अलीगढ़ के भमोला क्षेत्र में पुराने बिजली मीटर की मांग कर रही महिला उपभोक्ताओं और खैर में 14 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने की आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे निरस्त करने की भी मांग उठाई गई।

मोर्चा की महिला किसानों ने बताया कि मुरादाबाद जेल में बंद किसानों के समर्थन में 25 मई से जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंदोलन के तहत प्रतिदिन पांच किसान गिरफ्तारी देंगे। कासगंज की आंदोलनरत महिला किसानों ने भी मुरादाबाद पहुंचकर गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है।

आंदोलन में मुख्य रूप से ओमवती देवी, माला देवी, हेमलता देवी, शशिलता देवी, रंजना देवी, ज्ञानेंद्र देवी, मंजू देवी, संतोषी, मीना देवी, रूपा देवी, सोनवती देवी और विनीता देवी सहित बड़ी संख्या में महिला किसान मौजूद रहीं।

No comments:

Post a Comment

Pages