जमुई में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई नीट यूजी परीक्षा, 37 परीक्षार्थी अनुपस्थित
जमुई : जिले में रविवार को नीट यूजी परीक्षा कदाचारमुक्त और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस परीक्षा में कुल 967 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 37 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के लिए जिले में केकेएम कॉलेज और प्लस टू उच्च विद्यालय, जमुई को केंद्र बनाया गया था। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी।
केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की तीन स्तरों पर गहन जांच की गई। दोपहर 1:30 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया गया था। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा।
कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और जैमर की व्यवस्था की गई थी। जिले के वरीय अधिकारियों ने केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू होकर शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुई। कहीं से भी कदाचार की कोई सूचना नहीं मिली और न ही किसी परीक्षार्थी को निष्कासित किया गया।
जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, केकेएम कॉलेज केंद्र पर 577 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 23 अनुपस्थित रहे। वहीं प्लस टू उच्च विद्यालय केंद्र पर 353 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 14 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई। कुछ ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताया, तो कुछ ने इसे पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ा चुनौतीपूर्ण माना। अधिकांश छात्रों के अनुसार पेपर का स्तर मध्यम था और समय प्रबंधन महत्वपूर्ण रहा।
परीक्षार्थी आनंद कुमार ने बताया कि भौतिकी के कुछ प्रश्न कठिन और समय लेने वाले थे, जबकि रसायन विज्ञान अपेक्षाकृत आसान रहा। जीवविज्ञान के अधिकतर प्रश्न एनसीईआरटी आधारित थे। वहीं सोनो की छात्राएं बबली कुमारी और सावित्री कुमारी ने बताया कि शुरुआत में घबराहट थी, लेकिन धीरे-धीरे आत्मविश्वास बढ़ा और बायोलॉजी के प्रश्न आसान लगे।


No comments:
Post a Comment