जमुई में मवेशी चोरी के आरोप में नाबालिग की पिटाई, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया
जमुई : टाउन थाना क्षेत्र के जयशंकर नगर में रविवार दोपहर मवेशी चोरी के आरोप में एक नाबालिग को स्थानीय लोगों ने पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि उसे एक टावर से बांधकर मारपीट की गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई।
बताया जाता है कि यह मामला 25 अप्रैल की रात हुई मवेशी चोरी की घटना से जुड़ा है। छोटू कुमार ने पीडी मिडिल स्कूल के पास से अपनी गाय चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, तीन युवक गाय लेकर जा रहे थे, जिनमें से एक बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर कुछ दूरी पर खड़ा था। पूछताछ करने पर सभी युवक गाय छोड़कर बाइक से फरार हो गए थे।
रविवार को स्थानीय लोगों ने आरोपितों में से एक नाबालिग को पहचान लिया और पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए नाबालिग को सुरक्षित निकाला। फिलहाल पुलिस उसके परिजनों को बुलाकर पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

No comments:
Post a Comment