जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में स्वच्छता मिशन की प्रगति की समीक्षा - City Channel

Breaking

Thursday, May 14, 2026

जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में स्वच्छता मिशन की प्रगति की समीक्षा

जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में स्वच्छता मिशन की प्रगति की समीक्षा

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई :  जिला पदाधिकारी सह जिला जल एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष श्री नवीन (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक कार्य योजना को अनुमोदित करते हुए प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित किए गए। जिला पदाधिकारी ने जिले की 20 चयनित ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने दलित एवं महादलित टोलों में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के मॉडल विकसित करने पर विशेष जोर दिया।

स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से मुखिया, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं प्रखंड समन्वयकों के साथ कार्यशाला आयोजित करने पर चर्चा की गई। साथ ही गोबरधन योजना के प्रभावी संचालन तथा स्वयं सहायता समूहों के चयन की प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में डिजिटल मीडिया के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता बढ़ाने, विभागीय सोशल मीडिया हैंडल्स पर फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाने तथा जन शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जिला स्तरीय ग्रीवांस सेल गठित करने का निर्णय लिया गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सह उपाध्यक्ष श्री सुभाष चंद्र मंडल, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री बिरेंद्र कुमार सहित समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Pages