20 सूत्री समीक्षा बैठक में विकास कार्यों को गति देने का निर्देश, पेयजल संकट और पेंशन योजना पर विशेष जोर - City Channel

Breaking

Wednesday, May 20, 2026

20 सूत्री समीक्षा बैठक में विकास कार्यों को गति देने का निर्देश, पेयजल संकट और पेंशन योजना पर विशेष जोर

20 सूत्री समीक्षा बैठक में विकास कार्यों को गति देने का निर्देश, पेयजल संकट और पेंशन योजना पर विशेष जोर

🔻प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह बोले— आपसी समन्वय और सकारात्मक सहयोग से ही होगा जमुई का चहुंमुखी विकास।

जमुई, 20 मई 2026। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में बुधवार को जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री सह जमुई जिला प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह ने की। बैठक में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय और सकारात्मक सहयोग के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया गया।

बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों, 20 सूत्री समिति के सदस्यों और अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं, चल रही विकास योजनाओं और अब तक की उपलब्धियों की जानकारी दी। इसके बाद उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

पेयजल संकट के समाधान पर विशेष जोर :

प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग उनका अपना विभाग है और जमुई जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, जमुई को निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

अवैध खनन और राजस्व संग्रह की समीक्षा :

बैठक में कानून व्यवस्था और राजस्व संग्रह को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध खनन, अवैध परिवहन और भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि :

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार ने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दी है। इस योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए पूरे जिले में आधार सुधार और जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ वेरिफिकेशन) अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अब तक 77 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।

शेष पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के लिए 30 अप्रैल से 31 मई 2026 तक जिले की सभी पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने उठाए स्थानीय मुद्दे :

सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी ने कुछ विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात में असमानता का मुद्दा उठाया। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि आगामी स्थानांतरण एवं पदस्थापन प्रक्रिया के बाद समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।

विधायक ने अलीगंज और सिकंदरा प्रखंडों में संभावित पेयजल संकट के समाधान की भी मांग की।

चकाई विधानसभा क्षेत्र की विधायक सावित्री देवी ने भी अपने क्षेत्र में पेयजल संकट की समस्या उठाते हुए कार्यपालक अभियंता को त्वरित कार्रवाई का निर्देश देने का आग्रह किया।

समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने का आह्वान :

बैठक के समापन पर प्रभारी मंत्री ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों से जिले के चहुंमुखी विकास एवं जनसमस्याओं के त्वरित निवारण के लिए आपसी समन्वय, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की अपील की।

अंत में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Pages