जमुई में अधिकारियों के लिए ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ कार्यशाला, कार्य-संस्कृति सुधार पर जोर - City Channel

Breaking

Tuesday, April 7, 2026

जमुई में अधिकारियों के लिए ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ कार्यशाला, कार्य-संस्कृति सुधार पर जोर

जमुई में अधिकारियों के लिए ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ कार्यशाला, कार्य-संस्कृति सुधार पर जोर

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू

जमुई: जिले में प्रशासनिक कार्य-संस्कृति को बेहतर बनाने और अधिकारियों की कार्यक्षमता को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) की पहल पर तीन दिवसीय ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह विशेष सत्र स्थानीय न्यू द्वारिका विवाह भवन में शुरू हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न पदाधिकारी भाग ले रहे हैं।

कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना और तनावपूर्ण कार्य वातावरण में संतुलन बनाए रखने की क्षमता विकसित करना है। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि जिला पदाधिकारी स्वयं भी अधिकारियों के साथ इस सत्र में शामिल हुए और उन्हें मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के महत्व से अवगत कराया।

अपने संबोधन में डीएम ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों की व्यस्तता के बीच अक्सर मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी हो जाती है, जबकि एक शांत और संतुलित मस्तिष्क ही जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा कर सकता है। उन्होंने कहा कि जब अधिकारी तनावमुक्त और सकारात्मक रहेंगे, तो उसका सीधा प्रभाव उनके कार्य और आम जनता के साथ व्यवहार में दिखाई देगा।

कार्यशाला के पहले दिन ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अधिकारियों ने सुदर्शन क्रिया और विभिन्न श्वास तकनीकों का अभ्यास किया। इन अभ्यासों के माध्यम से मानसिक एकाग्रता, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया गया।

जिला प्रशासन की इस पहल को एक अभिनव कदम माना जा रहा है, जो अधिकारियों में बेहतर समन्वय, धैर्य और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक साबित होगा। यह आयोजन यह संदेश देता है कि सुदृढ़ प्रशासन के लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त अधिकारी भी उतने ही आवश्यक हैं, जितना कि शारीरिक रूप से सक्रिय होना।

No comments:

Post a Comment

Pages