जमुई में ‘पोषण पखवाड़ा’ की शुरुआत, कुपोषण के खिलाफ सख्ती—लापरवाही पर होगी कार्रवाई - City Channel

Breaking

Monday, April 13, 2026

जमुई में ‘पोषण पखवाड़ा’ की शुरुआत, कुपोषण के खिलाफ सख्ती—लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 जमुई में ‘पोषण पखवाड़ा’ की शुरुआत, कुपोषण के खिलाफ सख्ती—लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जमुई जिले में कुपोषण के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए ‘पोषण पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय परिसर से जिला पदाधिकारी श्री नवीन और पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन को रवाना किया। यह अभियान गांव-गांव पहुंचकर लोगों को संतुलित आहार और पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करेगा।

इस मौके पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में सही पोषण मिलना बेहद जरूरी है, तभी उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सकता है। उन्होंने इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की जरूरत बताई और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के भोजन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।

अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला पदाधिकारी ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO) के साथ बैठक कर विस्तृत रणनीति बनाई। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करें और वहां चल रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति पर नजर रखें।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पोषण और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कामकाज में सुधार के लिए अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे सप्ताह में कम से कम दो दिन महिला पर्यवेक्षिकाओं के साथ समीक्षा बैठक करें, ताकि योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। साथ ही, आईसीडीएस के प्रदर्शन में तेजी से सुधार लाने के लिए अगले दो दिनों में बेहतर परिणाम दिखाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया।

कार्यक्रम में जिले के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर कुपोषण के खिलाफ इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Pages