जमुई में रिश्वतखोरी पर सख्त कार्रवाई, महिला दरोगा व चौकीदार निलंबित
जमुई: खैरा थाना से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को महिला दरोगा जयश्री और चौकीदार आशीष तांती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
यह मामला खैरा थाना कांड संख्या 85/26 से जुड़ा है। आरोप है कि हरियाडीह निवासी श्यामदेव गोस्वामी से केस में नाम नहीं जोड़ने के बदले 8 हजार रुपये की मांग की गई थी। पैसे नहीं देने पर उन्हें मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई थी।
पीड़ित के अनुसार, 7500 रुपये एक बिचौलिये के जरिए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। बाद में संबंधित दरोगा द्वारा फोन कर पैसे मिलने की पुष्टि भी की गई। इस पूरे प्रकरण का एक ऑडियो क्लिप भी सामने आया, जो 4 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और मामले ने तूल पकड़ लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच टीम गठित की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए, जिसके आधार पर सात दिनों के भीतर यह कार्रवाई की गई।
इस प्रकरण में अधिवक्ता सह राजद नेता गोल्डेन अंबेडकर ने भी पहल करते हुए वायरल ऑडियो को पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाया और कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने खैरा थाना पर गरीबों को झूठे मामलों में फंसाने और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
कार्रवाई के बाद अंबेडकर ने पुलिस प्रशासन के कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पीड़ित को न्याय मिला है। उन्होंने यह भी मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए और कड़े कदम उठाए जाएं।

No comments:
Post a Comment