गिद्धौर के कोल्हुआ में शिव शक्ति महायज्ञ का शुभारंभ, निकली भव्य कलश यात्रा, 1100 कन्याओं व महिलाओं ने निकाली शोभायात्रा, 26 अप्रैल तक चलेगा नौ दिवसीय आयोजन
गिद्धौर/जमुई : जिले के गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत कोल्हुआ गांव में श्री श्री 108 शिव शक्ति महायज्ञ सह शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का भव्य आगाज हुआ। नौ दिवसीय यह धार्मिक आयोजन 18 से 26 अप्रैल तक चलेगा।
महायज्ञ की शुरुआत 1100 कुंवारी कन्याओं और ग्रामीण महिलाओं की भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई। महुली मोड़ से निकली यह यात्रा गिद्धौर बाजार के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंची। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली इस शोभायात्रा का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
यज्ञ की विधिवत शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। परम पूज्य जयदेव जी महाराज के सानिध्य में विद्वान आचार्यों द्वारा अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। वृंदावन से आईं कथा वाचिका किशोरी गौरी प्रिया जी द्वारा श्रीमद्भागवत और शिव महापुराण की कथा का वाचन किया जाएगा, जबकि वाराणसी से पहुंचे यज्ञाचार्य अजय पाण्डेय अपनी टीम के साथ वैदिक रीति से हवन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान करा रहे हैं।
यह आयोजन धार्मिक के साथ-साथ सांस्कृतिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है। कार्यक्रम में रामलीला, भजन-कीर्तन, तारामाची, ब्रेक डांस, नाव झूला और मीना बाजार जैसे आकर्षण लोगों को लुभा रहे हैं। कोल्हुआ समेत पूरे गिद्धौर क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
आयोजन में सनातन धर्म महासभा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य जयदेव जी महाराज के साथ सकलदेव यादव और ललन पाण्डेय का मार्गदर्शन मिल रहा है। यज्ञ समिति के अध्यक्ष ललन सिंह, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार साव, सचिव नरेश सिंह और उपाध्यक्ष संजय साव सहित अन्य सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
.webp)

No comments:
Post a Comment