तहसील बार एसोसिएशन खतौली के अध्यक्ष बने सुभाष चन्द, महासचिव बने सत्यप्रकाश सैनी
सिटी ब्यूरो उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज कुमार
खतौली/मुजफ्फरनगर : तहसील बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव में अध्यक्ष पद पर सुभाष चन्द और महासचिव पद पर सत्यप्रकाश सैनी ने जीत हासिल की।
चुनाव प्रक्रिया सुबह 9 बजे शुरू होकर दोपहर 1 बजे तक चली, जिसमें सभी 100 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से शुरू हुई मतगणना शाम 4 बजे तक पूरी कर ली गई। एल्डर कमेटी के चेयरमैन चतरपाल सिंह, सदस्य रामचंद्र सैनी और मोहम्मद अरशद ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा की।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में सुभाष चन्द को 54 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सरदार जितेंद्र सिंह को 48 मत प्राप्त हुए। वहीं महासचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबले में सत्यप्रकाश सैनी ने 44 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी महेश कुमार को 39 मत और अनुज कुमार को 16 मत मिले। इस प्रकार सत्यप्रकाश सैनी ने 5 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
अन्य पदों पर भी कई उम्मीदवार विजयी रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नवाब सिंह ने 54 मत प्राप्त कर वेदप्रकाश उपाध्याय को 10 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष (महिला आरक्षित) पद पर अनामिका को 56 मत और शकुंतला को 43 मत मिले।
उपाध्यक्ष (10 वर्ष) के दो पदों पर गंगा शरण और मुकेश शर्मा, उपाध्यक्ष (8 वर्ष) के दो पदों पर हरिनिवास और अशोक सैनी विजयी रहे। सहसचिव के तीन पदों पर रेखा देवी, युगांक मित्तल और विनीत कुमार गौतम ने जीत दर्ज की।
वरिष्ठ सदस्य के छह पदों पर राजवीर सिंह, सचिन कुमार आर्य, अमित त्यागी, शाकिर अहमद, विपिन कुमार और विकास कुमार निर्वाचित हुए। वहीं कनिष्ठ सदस्य के छह पदों पर रवि कुमार, अभिषेक भड़ाना, तरुण मोघा, पंकज कुमार, अमन कुमार और अजय राठी विजयी रहे। अंकुश कुमार के साथ समान मत मिलने के कारण दोनों को छह-छह माह का कार्यकाल दिया जाएगा।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजयी प्रत्याशियों को फूल-मालाओं से लादकर और मिठाइयां खिलाकर जीत का जश्न मनाया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुभाष चन्द ने इसे अधिवक्ताओं के विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि वे उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। वहीं महासचिव बने सत्यप्रकाश सैनी ने अपनी जीत को अधिवक्ताओं की एकजुटता का परिणाम बताया।

No comments:
Post a Comment