गुरु अमर दास जयंती पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की बैठक, कई मुद्दों पर चर्चा
जमुई : सिखों के तीसरे गुरु गुरु अमर दास जी की जयंती के अवसर पर रविवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के नेतृत्व में सनातन एकता समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक शहर के पुरानी बाजार स्थित श्री रामकृष्ण गौशाला मंदिर परिसर में हुई, जिसकी अध्यक्षता विहिप के जिला मंत्री कुंदन यादव ने की। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पूर्व में प्रशासन द्वारा रोकी गई रामनवमी यात्रा के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई। बजरंग दल के सदस्यों ने इस निर्णय पर नाराजगी जताते हुए इसे आस्था से जुड़ा विषय बताया और प्रशासन से पुनर्विचार की मांग की।
इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र में कथित धर्मांतरण और ‘लव जिहाद’ जैसे मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में जागरूकता और एकजुटता से ही ऐसी गतिविधियों पर रोक संभव है।
जिले में बढ़ती गौ तस्करी की घटनाओं को लेकर भी सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई। अध्यक्षता कर रहे कुंदन यादव ने गौशाला की स्थिति पर चिंता जताते हुए इसके समुचित रखरखाव और सुधार के लिए सामूहिक प्रयास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गौशाला के अध्यक्ष पद पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) होते हैं, इसलिए यहां जल्द चुनाव कराए जाने की मांग प्रशासन से की जानी चाहिए।
बैठक में आगामी अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। जिला गौ रक्षा प्रमुख शुभम कलवार ने संगठन की एकता और मजबूती पर जोर दिया। वहीं झाझा के बलियाडीह निवासी बजरंग दल कार्यकर्ता भोला यादव पर दर्ज डकैती मामले को भी उठाया गया, जिसे संगठन ने दुर्भावनावश बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।

No comments:
Post a Comment