गैस एजेंसी पर डीएम सख्त, औचक निरीक्षण में मिली अनियमितता
जमुई : जमुई जिले में गैस एजेंसियों की मनमानी को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) के विशेष निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सिकंदरा स्थित रेणुका गैस एजेंसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया, जहां कई अनियमितताएं पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान व्यवस्था अत्यंत असंतोषजनक मिली। मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने भी एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इन तथ्यों के आधार पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी एवं संबंधित तेल विपणन कंपनी को भेज दी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को 07 अप्रैल 2026 को अद्यतन प्रतिवेदन के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है, ताकि स्थिति स्पष्ट की जा सके।
जिलाधिकारी ने जिले की सभी गैस एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मांग के अनुसार सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा देना अनिवार्य है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े इस कार्य में लापरवाही या अनियमितता बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का यह कदम गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने, बिचौलियों पर रोक लगाने और कालाबाजारी की संभावनाओं को खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment