आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर आयुक्त सख्त, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई - City Channel

Breaking

Wednesday, April 1, 2026

आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर आयुक्त सख्त, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर आयुक्त सख्त, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

🔹गैस, पेट्रोलियम और खाद्यान्न की आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश, प्रवासी श्रमिकों की निगरानी बढ़ाने पर जोर

जमुई : मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने जमुई में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। समाहरणालय में आयोजित इस बैठक में उन्होंने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के वैश्विक प्रभावों के मद्देनजर आयुक्त ने जिले में खाद्यान्न, पेट्रोलियम उत्पाद और रसोई गैस की आपूर्ति श्रृंखला को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपूर्ति बाधित करने या मुनाफाखोरी करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए।

रसोई गैस की उपलब्धता पर चर्चा के दौरान आयुक्त ने IOCL और BPCL के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और बुकिंग के बैकलॉग को खत्म करने के लिए अतिरिक्त संसाधन लगाए जाएं। बैठक में जानकारी दी गई कि झाझा स्थित मां भवानी भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ता शिकायतों के कारण 6 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

पीएनजी पाइपलाइन के विस्तार को लेकर आयुक्त ने निर्देश दिया कि जहां आधारभूत संरचना तैयार है, वहां शीघ्र कनेक्शन चालू किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि पाइपलाइन होने के बावजूद कनेक्शन नहीं लेने वालों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया जाए।

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जिले के सभी प्रखंडों में गठित धावा दल लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। अब तक कालाबाजारी के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और एक गिरफ्तारी भी हुई है।

आयुक्त ने श्रम अधीक्षक को प्रवासी श्रमिकों की लगातार निगरानी करने और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत स्तर तक सूचना तंत्र मजबूत करने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि आयुक्त के निर्देशों को शीघ्र लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं है और प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही, लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।

No comments:

Post a Comment

Pages