जमुई में पुलिस टीम पर हमला, 2 SI समेत 3 जवान घायल; मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार, सिविल ड्रेस में पहुंची टीम को अपराधी समझकर किया हमला, खैरमा यादव टोला में तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात
जमुई : जिले में सोमवार सुबह करीब 11 बजे हत्या और लूट के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस टीम को अपराधी ने किसी अन्य पक्ष का समझ लिया और अपने समर्थकों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में दो सब-इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायल पुलिसकर्मियों की पहचान टाउन थाना में तैनात सुनील कुमार (50), रणवीर कुमार (25) और विक्रम कुमार के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, झड़प के दौरान मुख्य आरोपी ढेबू यादव (45) भी घायल हुआ है। घटना टाउन थाना क्षेत्र के खैरमा यादव टोला की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि करीब पांच महीने से फरार आरोपी ढेबू यादव अपने घर के पास मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम सिविल ड्रेस में उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस टीम कार्रवाई की तैयारी कर ही रही थी कि आरोपी की नजर उन पर पड़ गई। उसने अपने समर्थकों को बुलाकर पुलिस पर हमला करवा दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गिरफ्तार आरोपी ढेबू यादव ने पूछताछ में दावा किया कि वह पुलिसकर्मियों को पहचान नहीं सका था और उन्हें अपराधी समझकर हमला कर दिया। हालांकि पुलिस उसके इस दावे पर संदेह जता रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टर मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मारपीट में कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिनकी हालत खतरे से बाहर है। घायल पुलिसकर्मियों के सिर में चोट आई है और उन्हें सीटी स्कैन के लिए भेजा गया है।
जमुई एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि मुख्य आरोपी ढेबू यादव पर पहले से हत्या, मारपीट और रेलवे लूट सहित करीब एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।
हमले के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और अतिरिक्त बल को मौके पर बुलाया गया। करीब 5-6 गाड़ियों से पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
एसडीपीओ सतीश सुमन ने कहा कि पुलिस टीम पर हमला गंभीर अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)
No comments:
Post a Comment