जमुई के 1835 सरकारी स्कूलों में फ्री किताबों का वितरण शुरू, परीक्षा कैलेंडर भी जारी, जून में त्रैमासिक, सितंबर में अर्धवार्षिक और मार्च 2027 में वार्षिक परीक्षा; हर महीने होगी जांच परीक्षा
जमुई : जिले के सभी 1835 सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग ने पूरे सत्र का परीक्षा कैलेंडर भी जारी कर दिया है।
विभाग की ओर से अप्रैल माह से ही स्कूलों में किताबें उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि बच्चों की पढ़ाई समय पर शुरू हो सके। सभी विद्यालयों को विषयवार पाठ सूची भी भेजी गई है, जिसके आधार पर शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा।
जारी कैलेंडर के अनुसार, जून के अंतिम सप्ताह में पहली त्रैमासिक परीक्षा, सितंबर के अंतिम सप्ताह में अर्धवार्षिक परीक्षा और दिसंबर के तीसरे सप्ताह में दूसरी त्रैमासिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं वार्षिक परीक्षा मार्च 2027 के तीसरे सप्ताह में संभावित है।
इसके अलावा, छात्रों की नियमित शैक्षणिक प्रगति के मूल्यांकन के लिए प्रत्येक माह के अंत में मासिक जांच परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। इसके लिए मासिक पाठ योजना तैयार कर शिक्षकों को उपलब्ध करा दी गई है, जिसे विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि निर्धारित पाठ सूची के अनुसार ही पढ़ाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालय की दीवारों और नोटिस बोर्ड पर पाठ योजना चस्पा कर अभिभावकों और अधिकारियों को इसकी जानकारी देने को कहा गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर ने बताया कि विद्यालय निरीक्षण के दौरान इन सभी व्यवस्थाओं की सख्ती से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है।

No comments:
Post a Comment