जमुई में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, 10 लोग घायल, चकाई-देवघर मार्ग पर हादसा, एक की हालत गंभीर; सभी घायल पश्चिम बंगाल के निवासी - City Channel

Breaking

Saturday, April 18, 2026

जमुई में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, 10 लोग घायल, चकाई-देवघर मार्ग पर हादसा, एक की हालत गंभीर; सभी घायल पश्चिम बंगाल के निवासी

 जमुई में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, 10 लोग घायल, चकाई-देवघर मार्ग पर हादसा, एक की हालत गंभीर; सभी घायल पश्चिम बंगाल के निवासी

चकाई/जमुई : जिले के चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोग घायल हो गए। घोरमो चेक पोस्ट के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ईंट लदे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले हैं, जो फिलहाल बिहार के सीवान में रहकर फेरी का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग आगामी चुनाव में मतदान करने के लिए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दुर्घटना हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायलों में वारिस शेख, अनीसुर शेख, अजगर अली, अफजल हक, नजरुल मियां, माजरुल शेख, रशीद शेख, रफीकुल शेख तथा चालक शमीम शेख शामिल हैं। वहीं मोदिन शेख की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और ट्रक को जब्त कर लिया है तथा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

No comments:

Post a Comment

Pages