जमुई में LPG और पेट्रोलियम आपूर्ति को लेकर हाई अलर्ट, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश - City Channel

Breaking

Thursday, March 19, 2026

जमुई में LPG और पेट्रोलियम आपूर्ति को लेकर हाई अलर्ट, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 जमुई में LPG और पेट्रोलियम आपूर्ति को लेकर हाई अलर्ट, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश


जमुई:
जिले में एलपीजी (LPG) और पेट्रोलियम पदार्थों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समाहरणालय सभाकक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी नवीन कुमार  और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी अंचल अधिकारी, आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी एवं सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, झाझा एवं जमुई को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण करने और जरूरत पड़ने पर वितरण केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था के मद्देनजर सभी थानाध्यक्षों को सख्त आदेश दिया कि आपूर्ति श्रृंखला में बाधा डालने वाले, कालाबाजारी करने वाले और अवैध भंडारण में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाए। प्रशासन ने साफ किया है कि जन-सुविधाओं के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी को नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने और नियमित अपडेट साझा करने की जिम्मेदारी दी गई है।

आम नागरिकों की सुविधा के लिए जिला गोपनीय शाखा में एक जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06345-222001 है। इस नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सौंपी गई है, जो विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।

नियंत्रण कक्ष में दो पालियों में पदाधिकारियों की तैनाती की गई है—सुबह 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक खैरा के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राजेश कुमार (मो. 9771155811) और दोपहर 2:00 बजे से रात 10:00 बजे तक लक्ष्मीपुर के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राजेश कुमार (मो. 7488494976) ड्यूटी पर रहेंगे।

अंत में, जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन-सुविधाओं को बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।

बैठक में अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित जिले के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages