जमुई में पेंशनधारियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि 31 मार्च, समय पर नहीं कराया तो रुक सकता है भुगतान - City Channel

Breaking

Thursday, March 19, 2026

जमुई में पेंशनधारियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि 31 मार्च, समय पर नहीं कराया तो रुक सकता है भुगतान

 जमुई में पेंशनधारियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि 31 मार्च, समय पर नहीं कराया तो रुक सकता है भुगतान

जमुई: समाज कल्याण विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार (भा.प्र.से.) ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक प्रमाणीकरण नहीं होने की स्थिति में लाभार्थियों का पेंशन भुगतान बाधित हो सकता है। इसलिए सभी पेंशनधारियों को 31 मार्च 2026 से पहले अपना जीवन प्रमाणीकरण हर हाल में पूरा कराने की अपील की गई है।

इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि पंचायत सचिवों और विकास मित्रों के माध्यम से शत-प्रतिशत लाभार्थियों का डोर-टू-डोर सर्वेक्षण कराया जाए। साथ ही, पोर्टल पर लंबित लाभार्थियों का सत्यापन और मृत पेंशनधारियों को चिन्हित कर उन्हें पोर्टल पर मृत दर्ज करने का निर्देश दिया गया है, ताकि डेटा पूरी तरह अद्यतन और शुद्ध बना रहे।

प्रशासन ने यह भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है कि जिन लाभार्थियों का तकनीकी कारणों से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण संभव नहीं है, उनका भौतिक जीवन प्रमाणीकरण कराया जाए।

जिले के आंकड़ों के अनुसार, जमुई में कुल 2,07,538 पेंशनभोगी पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक 1,42,600 लाभार्थियों का प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 64,938 लाभार्थी अभी शेष हैं। इन सभी का निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रमाणीकरण कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिला पदाधिकारी ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे व्यक्तिगत रूप से रुचि लेकर जल्द से जल्द अपना जीवन प्रमाणीकरण कराएं, ताकि भविष्य में पेंशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

No comments:

Post a Comment

Pages