दहेज के लिए विवाहिता की पिटाई, चकाई के कालीबांक गांव में महिला गंभीर, एक लाख रुपये की मांग को लेकर ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
चकाई /जमुई : जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचन्द्रडीह पंचायत के कालीबांक गांव में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता चंपा देवी (पति राजेश ठाकुर) को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मायके पक्ष के अनुसार, ससुराल वाले पिछले कुछ समय से एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। इस विवाद को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत भी हुई थी, जिसमें ससुराल पक्ष ने भविष्य में मारपीट नहीं करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद घटना को अंजाम दिया गया।
पीड़िता की मां अंजली देवी ने आरोप लगाया कि रामनवमी के अवसर पर चंपा को मायके भेजने की बात हुई थी, लेकिन ससुराल वालों ने काम का बहाना बनाकर उसे नहीं भेजा और दोबारा उसके साथ मारपीट की।
अस्पताल में भर्ती चंपा देवी ने अपने बयान में पति राजेश ठाकुर के अलावा जेठ संतोष ठाकुर और गोतनी मोहिनी देवी पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, चंपा के मामा ने बताया कि पहले भी उनकी क्षमता के अनुसार दहेज दिया जा चुका है, लेकिन अब अतिरिक्त एक लाख रुपये के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा है।
इस मामले में चकाई थाना पुलिस ने संज्ञान लिया है। थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment