आरटीआई से मांगी गई सूचना को लेकर गिद्धौर अंचल कार्यालय फिर विवादों में
गिद्धौर, जमुई : जिले के गिद्धौर अंचल कार्यालय से सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत मांगी गई जानकारी को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। सेवा गांव निवासी सौदागर कुमार सागर ने अंचलाधिकारी गिद्धौर को पत्र भेजकर पूर्व में दी गई सूचना पर आपत्ति जताई है।
आवेदक का आरोप है कि करीब आठ वर्षों से संबंधित अभिलेखों की जानकारी प्राप्त करने का प्रयास करने के बावजूद उन्हें अब तक पूरी सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, सौदागर कुमार सागर ने 23 मार्च 2018 को आरटीआई के तहत मौजा सेवा के खाता संख्या 233 से संबंधित अभिलेखों की जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में अंचल कार्यालय ने 2 मई 2019 को पत्रांक 115 के माध्यम से कुछ जानकारी उपलब्ध कराई थी। हालांकि, आवेदक ने उस सूचना को अपूर्ण बताते हुए मामला द्वितीय अपील में पहुंचा दिया।
द्वितीय अपील वाद संख्या ए-7630/2018 में बिहार राज्य सूचना आयोग ने 18 जून 2019 को अंचलाधिकारी गिद्धौर को वांछित सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद तत्कालीन अंचलाधिकारी मनोज कुमार के आग्रह पर मौजा सेवा खाता संख्या 233 का खतियान 24 जून 2019 को डाक से भेजा गया तथा 29 जून 2019 को पत्रांक 191 के माध्यम से अनुरोध पत्र भी प्रेषित किया गया था।
इसके बावजूद आवेदक का कहना है कि कई बार स्मरण कराने के बाद भी उन्हें केवल मौखिक आश्वासन मिलता रहा और पूरी जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद उन्होंने 3 जनवरी 2023 को पटना स्थित राज्य सूचना आयोग में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में आयोग में शिकायत वाद संख्या सी-145/2024 के तहत सुनवाई जारी है।
वहीं अंचलाधिकारी कार्यालय गिद्धौर की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि मांगी गई सूचना पूर्व में ही 2 फरवरी 2019 को पत्रांक 115 के माध्यम से उपलब्ध कराई जा चुकी है और उसकी छायाप्रति पुनः भेजी जा रही है। कार्यालय का कहना है कि आवेदक द्वारा मांगी गई जानकारी पहले ही उपलब्ध करा दी गई है।

No comments:
Post a Comment