मंदिर से बिछड़े व्यक्ति को पुलिस ने खोजकर परिजनों से मिलाया, संवेदनशीलता की हुई सराहना
सोनो संवाददाता : पंकज बरनवाल
सोनो प्रखंड के बटिया थाना क्षेत्र स्थित बाबा झुमराज मंदिर परिसर में बुधवार को एक व्यक्ति के बिछड़ जाने का मामला सामने आया। बताया जाता है कि पश्चिम बंगाल से पूजा-अर्चना के लिए आए एक व्यक्ति मंदिर परिसर में अपने परिजनों से अलग हो गए थे।
परिजनों द्वारा इसकी सूचना बटिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए थाना अध्यक्ष सुजाता कुमारी के नेतृत्व में खोज अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में सघन पूछताछ की और कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बिछड़े व्यक्ति को बिंजी गांव से सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
बिछड़े व्यक्ति की पहचान हीरालाल साह, पिता स्वर्गीय रेवा साह, ग्राम चंदियाजोड़ी, थाना पथौल, जिला दिग्गा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
अपने परिजन को सुरक्षित वापस पाकर परिवार के लोगों की आंखें खुशी से भर आईं। परिजनों ने कहा कि पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशीलता के कारण ही उनका खोया हुआ सदस्य उन्हें वापस मिल सका। उन्होंने पुलिस टीम को धन्यवाद देते हुए उनके कार्य की सराहना की।


No comments:
Post a Comment