914 करोड़ की योजनाओं की सौगात: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ से जमुई को मिली नई रफ्तार - City Channel

Breaking

Wednesday, March 18, 2026

914 करोड़ की योजनाओं की सौगात: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ से जमुई को मिली नई रफ्तार

 914 करोड़ की योजनाओं की सौगात: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ से जमुई को मिली नई रफ्तार

 जमुई : बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में जमुई जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कुल 914 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 602 करोड़ रुपये की 181 योजनाओं का उद्घाटन तथा 312 करोड़ रुपये की 189 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री की इस यात्रा की शुरुआत जिले की महत्वपूर्ण कुंडघाट जलाशय योजना के उद्घाटन से हुई। उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर इस परियोजना को जनता को समर्पित किया और मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों का गहन निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों के जल संचयन की प्रक्रिया की जानकारी ली और कहा कि यह जलाशय क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का मजबूत आधार बनेगा, जिससे कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री लछुआड़ स्थित सभास्थल पहुंचे, जहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक स्टॉलों का अवलोकन किया। इन स्टॉलों में जिले के विकास की तस्वीर साफ झलक रही थी। मुख्यमंत्री ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और लाभार्थियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सतत जीविकोपार्जन योजना, जीविका समूहों को बैंक ऋण, आयुष्मान भारत योजना और बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लाभार्थियों को करोड़ों रुपये के चेक एवं लाभ वितरित किए।

लछुआड़ मैदान में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने ‘सुशासन से समृद्धि’ तक की यात्रा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जमुई जैसे क्षेत्रों में नक्सलवाद की समाप्ति सुशासन और न्याय के साथ विकास की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने ‘सात निश्चय’ योजना सहित विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सड़कों, बिजली, मेडिकल कॉलेज और सिमुलतला आवासीय विद्यालय जैसे संस्थानों ने जिले की तस्वीर बदल दी है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जमुई को पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने की बात कही, जबकि खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने युवाओं के कौशल विकास पर जोर देते हुए ‘विकसित बिहार से विकसित भारत’ के लक्ष्य को दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिला पदाधिकारी नवीन कुमार (भा.प्र.से.) ने ‘सात निश्चय-2’ समेत अन्य योजनाओं की प्रगति और आगामी लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे विकास कार्यों पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘सात निश्चय-3’ (2025-2030) के तहत सभी योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें और उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करें।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से जमुई जल्द ही देश के विकसित जिलों की अग्रिम पंक्ति में शामिल होगा।

No comments:

Post a Comment

Pages