रामनवमी, चैती दुर्गा पूजा और ईद पर डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित; अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी - City Channel

Breaking

Thursday, March 19, 2026

रामनवमी, चैती दुर्गा पूजा और ईद पर डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित; अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

 रामनवमी, चैती दुर्गा पूजा और ईद पर डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित; अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जमुई : आगामी रामनवमी, चैती दुर्गा पूजा और ईद-उल-फितर को जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। इस दौरान डीजे (DJ) के प्रयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

जिला समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार (भा.प्र.से.) और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल (भा.पु.से.) की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि शांति व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान डीजे पर पूर्व की भांति पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। सभी थानाध्यक्षों को डीजे संचालकों को नोटिस तामिला कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल जब्ती एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने, धार्मिक भावनाएं भड़काने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बीएनएसएस धारा 126, गैर-जमानती वारंट और सीसीए के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च, जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन और आसूचना तंत्र के माध्यम से निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने पूरे पुलिस बल को ‘हाई अलर्ट’ पर रखते हुए ईद के अवसर पर प्रमुख मस्जिदों और नमाज स्थलों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा सड़कों पर निरंतर गश्ती के निर्देश दिए हैं। साथ ही दंगा निरोधी उपकरणों से लैस रहकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, रात्रि गश्ती बढ़ाने और विसर्जन मार्गों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सभी पर्वों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है, साथ ही चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages