मंत्री के समक्ष “जलवायु समर्थ पंचायत अभियान” की प्रस्तुति, सहयोग का मिला आश्वासन - City Channel

Breaking

Thursday, March 19, 2026

मंत्री के समक्ष “जलवायु समर्थ पंचायत अभियान” की प्रस्तुति, सहयोग का मिला आश्वासन

 मंत्री के समक्ष “जलवायु समर्थ पंचायत अभियान” की प्रस्तुति, सहयोग का मिला आश्वासन

जमुई : पटना में पर्यावरण संरक्षण को लेकर अरण्य भवन स्थित संजय सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों से पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को आमंत्रित किया गया था।

कार्यक्रम में Regenerative Bihar संस्था को दो जिलों से प्रतिनिधित्व का अवसर मिला। जमुई जिले से “जलवायु समर्थ पंचायत अभियान” के समन्वयक संतोष कुमार सुमन तथा नवादा जिले से पुष्पा खरवार को वन प्रमंडल के माध्यम से सहभागिता के लिए भेजा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री द्वारा की गई, जिसमें राज्य के सभी वन प्रमंडल पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संतोष कुमार सुमन और पुष्पा खरवार ने “जलवायु समर्थ पंचायत अभियान” और “Climate Resilient Agriculture” पर विस्तार से अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने “जंगल बचाओ यात्रा” के माध्यम से गांव-गांव में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की जानकारी साझा की। इसमें जंगल में आग की रोकथाम, पेड़ों की सुरक्षा, जल स्रोतों का संरक्षण, मिट्टी बचाव, देशी बीजों का संरक्षण तथा जड़ी-बूटियों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण पहल शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इन अभियानों के जरिए पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक कर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने इन पहलों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस प्रकार के जन-आधारित अभियानों को आगे बढ़ाने में हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

No comments:

Post a Comment

Pages