बेलातांड में 48 घंटे का अखंड रामधुन, 551 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा
लक्ष्मीपुर/जमुई: जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत दिग्घी पंचायत के बेलातांड गांव में 48 घंटे के अखंड रामधुन एवं भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में 551 सुहागिन महिलाओं और कन्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा की शुरुआत सोनदीपी नदी से हुई, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ जल भरकर कलश स्थापित किए। इसके बाद महिलाएं और कन्याएं पारंपरिक वेशभूषा में लगभग 2 किलोमीटर पैदल यात्रा करते हुए गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरकर बेलातांड स्थित काली मंदिर परिसर पहुंचीं।
यात्रा के दौरान “जय श्री राम” के जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। ग्रामीणों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया, जिससे आयोजन में और अधिक उत्साह देखने को मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन गांव में शांति, सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। अखंड रामधुन और कलश यात्रा के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा और एकता का संदेश भी दिया गया।
इस आयोजन में सभी वर्गों के लोगों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह कार्यक्रम सामूहिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गया।



No comments:
Post a Comment