एमवीआर बढ़ने की अफवाह से निबंधन कार्यालयों में उमड़ी भीड़, रजिस्ट्री तीन गुना बढ़ी, 1 अप्रैल से दर बढ़ने की चर्चा, विभाग ने कहा– अभी कोई आधिकारिक आदेश नहीं - City Channel

Breaking

Tuesday, March 31, 2026

एमवीआर बढ़ने की अफवाह से निबंधन कार्यालयों में उमड़ी भीड़, रजिस्ट्री तीन गुना बढ़ी, 1 अप्रैल से दर बढ़ने की चर्चा, विभाग ने कहा– अभी कोई आधिकारिक आदेश नहीं

 एमवीआर बढ़ने की अफवाह से निबंधन कार्यालयों में उमड़ी भीड़, रजिस्ट्री तीन गुना बढ़ी, 1 अप्रैल से दर बढ़ने की चर्चा, विभाग ने कहा– अभी कोई आधिकारिक आदेश नहीं

जमुई : जमुई के निबंधन कार्यालयों में जमीन की रजिस्ट्री दर (एमवीआर) बढ़ने की अफवाह के कारण अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। इस अफवाह का असर यह हुआ है कि जमीन निबंधन की रफ्तार सामान्य दिनों की तुलना में करीब तीन गुना तक बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यह चर्चा फैल गई है कि 1 अप्रैल से एमवीआर दरों में बढ़ोतरी होगी। इसके चलते लोग जल्दबाजी में जमीन की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। जहां सामान्य दिनों में प्रतिदिन 30 से 35 रजिस्ट्रियां होती थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर लगभग 90 तक पहुंच गई है।

सुबह से ही दस्तावेज सत्यापन से लेकर अंतिम रजिस्ट्री तक हर काउंटर पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इस अचानक बढ़ी भीड़ का असर जमीन बाजार पर भी पड़ा है, जहां तेजी का माहौल बन गया है।

हालांकि, जिला निबंधन पदाधिकारी विनीत कुमार ने स्पष्ट किया है कि एमवीआर दर में बदलाव को लेकर अब तक कोई आधिकारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और विभाग की आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए निबंधन विभाग ने 31 मार्च को भी कार्यालय खुला रखा, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके और दबाव कम किया जा सके।

फिलहाल, अफवाहों के कारण निबंधन कार्यालयों में असामान्य भीड़ बनी हुई है और लोग जल्द से जल्द रजिस्ट्री कराने में जुटे हुए हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages