जमुई में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष की मिठाई दुकान पर हमला, चार घायल - City Channel

Breaking

Saturday, February 7, 2026

जमुई में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष की मिठाई दुकान पर हमला, चार घायल

 जमुई में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष की मिठाई दुकान पर हमला, चार घायल


जमुई : शहर के नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 24 स्थित बोधवन तालाब चौक पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रेखा देवी की मिठाई दुकान पर शनिवार को एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थर से की गई इस तोड़फोड़ में चार लोग घायल हो गए।

घायलों में पूर्व अध्यक्ष के देवर चंदन कुमार, कुंदन कुमार और दुकान के दो कर्मचारी शामिल हैं। सभी का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।

घायल कुंदन कुमार ने बताया कि दुकान लगाने को लेकर पूर्व में हुए विवाद के कारण यह हमला किया गया। उनके अनुसार, पूर्व अध्यक्ष के पति संतोष साह और कुछ स्थानीय युवकों के बीच पहले कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपियों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। आरोप है कि संतोष साह के दुकान से हटते ही करीब दो दर्जन की संख्या में लाठी-डंडों से लैस लोग पहुंचे और दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बदमाशों ने मिठाई काउंटर समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया तथा बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों के साथ मारपीट की।

घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

No comments:

Post a Comment

Pages