सोनो में बिजली चोरी का मामला उजागर, तीन लाख से अधिक का जुर्माना, प्राथमिकी दर्ज
सोनो , जमुई : सोनो प्रखंड अंतर्गत बाबूडीह पंचायत के डोकली गांव में बिजली चोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। विद्युत विभाग की छापेमारी में मीटर बायपास कर अवैध रूप से आटा चक्की संचालित किए जाने का खुलासा हुआ है। विभाग ने संबंधित उपभोक्ता पर तीन लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाते हुए सोनो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल झाझा के सहायक विद्युत अभियंता बिनोद कुमार नागर को गुप्त सूचना मिली थी कि डोकली गांव में अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा है। सूचना के आधार पर 8 फरवरी की देर शाम उनके नेतृत्व में विभागीय टीम ने गांव निवासी राजीव कुमार के परिसर में छापेमारी की।
जांच के दौरान पाया गया कि परिसर में विधिवत बिजली कनेक्शन एवं मीटर लगा हुआ था, किंतु इसके बावजूद 7.5 एचपी मोटर से आटा चक्की चलाई जा रही थी। निरीक्षण में मीटर में तीनों फेज का लोड शून्य एम्पीयर पाया गया, जिससे संदेह गहराया।
आगे की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मीटर से पूर्व मेन एलटी लाइन से सीधे तार जोड़कर बिजली की आपूर्ति ली जा रही थी। मौके पर कुल 5618 वाट का अवैध लोड दर्ज किया गया। विभागीय आकलन के अनुसार इस अनधिकृत खपत से साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को 3,01,407 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
कार्रवाई के तहत बिजली चोरी में प्रयुक्त अवैध तार को जब्त कर लिया गया है। छापेमारी दल में सहायक विद्युत अभियंता के साथ कनीय विद्युत अभियंता एवं अन्य विभागीय कर्मी शामिल थे।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान चलाया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment