सोनो में एमडीए अभियान की शुरुआत, फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर विशेष शिविर आयोजित - City Channel

Breaking

Tuesday, February 10, 2026

सोनो में एमडीए अभियान की शुरुआत, फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर विशेष शिविर आयोजित

 सोनो में एमडीए अभियान की शुरुआत, फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर विशेष शिविर आयोजित


सोनो, जमुई : सोनो प्रखंड को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को एमडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) अभियान के तहत फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की शुरुआत की गई। अभियान के सफल संचालन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनो में विशेष शिविर आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों ने स्वयं दवा का सेवन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।

शिविर का उद्घाटन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सह बीपीआरओ अमित कुमार एवं अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार शांडिल्य ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बताया कि फाइलेरिया से बचाव के लिए दी जाने वाली दवा पूरी तरह सुरक्षित है तथा इसे निर्धारित मात्रा में अवश्य लेना चाहिए। स्वास्थ्यकर्मी लाभार्थियों की उम्र और लंबाई के आधार पर दवा की सही मात्रा सुनिश्चित कर रहे हैं।

अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सरकारी कर्मियों एवं समाज के जागरूक नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक राज्य एवं देश को फाइलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसे सामूहिक प्रयास से ही हासिल किया जा सकता है।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिभूषण चौधरी ने बताया कि प्रखंड की सभी पंचायतों में अभियान शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को दवा खिला रहे हैं और साथ ही यह भी जानकारी दे रहे हैं कि किन व्यक्तियों को दवा का सेवन नहीं करना चाहिए। शिविर में बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति रही।

No comments:

Post a Comment

Pages