सिमुलतला रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध दुकानों का आरोप, आरपीएफ पर वसूली की भी चर्चा - City Channel

Breaking

Wednesday, February 11, 2026

सिमुलतला रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध दुकानों का आरोप, आरपीएफ पर वसूली की भी चर्चा

सिमुलतला रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध दुकानों का आरोप, आरपीएफ पर वसूली की भी चर्चा


सिटी संवाददाता : मुकेश कुमार सिंह

जमुई/सिमुलतला : सिमुलतला रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध नाश्ते की दुकानों के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि स्टेशन के प्रवेश द्वार के अंदर टेम्पू स्टैंड के पास गैस चूल्हे पर नाश्ता बनाने वाली ठेलियां लगाई जाती हैं, जिससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

रेलवे नियमों के अनुसार, रेल परिसर में केवल रेलवे द्वारा अधिकृत दुकान या कैंटीन को ही संचालन की अनुमति है। इसके बावजूद स्टेशन परिसर में अवैध रूप से ठेला लगाए जाने की बात सामने आ रही है।

स्थानीय लोगों ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि कुछ वर्ष पूर्व स्टेशन परिसर में लगाई गई एक अवैध नाश्ते की दुकान पर गर्म तेल से झुलसने की घटना में एक बच्चे की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भी अवैध दुकानों पर रोक नहीं लग पाई है।

कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के एक कर्मी पर अवैध दुकान संचालन के बदले कथित रूप से पैसे लेने की चर्चा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे ब्रिज पर आने-जाने वाले लोगों को बिना टिकट का आरोप लगाकर पैसे वसूले जाने की भी शिकायतें मिलती रही हैं।

मामले में आधिकारिक पक्ष जानने के लिए जसीडीह आरपीएफ इंस्पेक्टर सत्रुधन सिंह से उनके दूरभाष नंबर 9771423275 पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन सिग्नल समस्या के कारण संपर्क नहीं हो सका।

स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन परिसर में अवैध दुकानों पर कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

No comments:

Post a Comment

Pages