खतौली पुलिस की सराहनीय पहल, दो गुमशुदा मासूम बच्चियों को सकुशल परिजनों से मिलाया
सिटी स्टेट ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन /राकेश कुमार
खतौली, मुज़फ्फरनगर : खतौली पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए दो गुमशुदा मासूम बच्चियों को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सराहनीय कार्य से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हूरैन (3 वर्ष), पुत्री मोहम्मद जावेद, निवासी लाल मोहम्मद मोहल्ला, कस्बा खतौली तथा जैनब (3 वर्ष), पुत्री मेहराजुद्दीन, निवासी खिरवा, थाना सरधना, मेरठ, दिनांक 13 फरवरी 2026 की शाम लगभग 6 बजे घर के बाहर खेलते-खेलते भटक गई थीं। दोनों बच्चियां इतनी छोटी थीं कि अपना पता बताने में असमर्थ थीं।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना खतौली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चियों को अपनी सुरक्षित अभिरक्षा में लिया। महिला कांस्टेबल की निगरानी में उन्हें मिशन शक्ति केंद्र पर बैठाया गया। इसके पश्चात पुलिस टीम ने बच्चियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनके फोटो लेकर आसपास के क्षेत्रों में त्वरित खोज अभियान चलाया।
अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप कुछ ही घंटों में दोनों बच्चियों के परिजनों का पता लगा लिया गया और उन्हें सकुशल उनके परिवारजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बच्चियों को सुरक्षित पाकर परिजन बेहद भावुक और प्रसन्न नजर आए तथा उन्होंने मुजफ्फरनगर पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
यह कार्रवाई संजय कुमार वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी खतौली और थाना प्रभारी खतौली के नेतृत्व में संपन्न हुई।
बरामदगी में उप निरीक्षक खुशबू कुमारी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, महिला कांस्टेबल कोमल पुलिस टीम में शामिल रही।
खतौली पुलिस की यह मानवीय पहल समाज में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है।

No comments:
Post a Comment