जमुई पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ‘माटी का बल दंगल’ प्रतियोगिता का किया भव्य उद्घाटन - City Channel

Breaking

Saturday, February 14, 2026

जमुई पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ‘माटी का बल दंगल’ प्रतियोगिता का किया भव्य उद्घाटन

जमुई पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ‘माटी का बल दंगल’ प्रतियोगिता का किया भव्य उद्घाटन


सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई : बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को जमुई स्थित श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम पहुंचे, जहाँ आयोजित दो दिवसीय ‘माटी का बल दंगल’ पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का उन्होंने दीप प्रज्वलन कर विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत नारियल फोड़कर एवं गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘माटी का बल दंगल’ जैसी पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिताएँ भारतीय संस्कृति, शौर्य और अनुशासन की गौरवशाली पहचान हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना के विकास के साथ-साथ पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं उन्हें नई ऊर्जा प्रदान करने का कार्य करते हैं। उन्होंने पहलवानों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय एवं राज्य के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने अपने-अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे स्टेडियम का माहौल उत्साह और रोमांच से भर गया।

‘माटी का बल दंगल’ कहे जाने वाले इस अखाड़े का निर्माण पूरी तरह पारंपरिक तरीके से किया गया है। 45 फीट व्यास वाले इस अखाड़े के निर्माण में लगभग 90 ट्रैक्टर मिट्टी, मुल्तानी मिट्टी, 1.5 क्विंटल (150 किलोग्राम) हल्दी, 60 लीटर सरसों का तेल, 1 क्विंटल (100 किलोग्राम) दही, 1 क्विंटल (100 किलोग्राम) दूध तथा 500 नींबू का उपयोग किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया जाने वाला चांदी का गदा बिहार की पारंपरिक कुश्ती विरासत और सम्मान का प्रतीक है। वर्ष 1954 में निर्मित यह चांदी का गदा वर्ष 1975 में अंतिम बार बिहार के भारतीय हेवीवेट फ्री-स्टाइल पहलवान एवं भारतीय सेना में कार्यरत रहे अंतरराष्ट्रीय पहलवान विश्वनाथ सिंह को ‘बिहार केसरी’ के रूप में प्रदान किया गया था। सीवान जिले के डुमराहर (दरौली के समीप) गांव में जन्मे विश्वनाथ सिंह के सम्मान में यह गदा एक बार फिर बिहार के सर्वश्रेष्ठ पहलवान को दी जा रही है।

प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों के विजेताओं के बीच कुल 12.50 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रत्येक भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में माननीय खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, झाझा विधायक दामोदर रावत, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त सचिव रवीन्द्रण शंकरण, बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह, जिला पदाधिकारी जमुई नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक जमुई विश्वजीत दयाल सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, खेल संघों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी नागरिक एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Pages