पत्नेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम, न्यास समिति ने की समीक्षा बैठक - City Channel

Breaking

Saturday, February 14, 2026

पत्नेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम, न्यास समिति ने की समीक्षा बैठक

पत्नेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम, न्यास समिति ने की समीक्षा बैठक  

सिटी संवाददाता : अभिषेक सिन्हा

बरहट, जमुई : प्रखंड अंतर्गत पत्नेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पंचवटी धाम स्थित इस प्रसिद्ध शिवालय में पर्व के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

मंदिर न्यास समिति के सचिव प्रवीण सिन्हा ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कतारबद्ध दर्शन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा विशेष विद्युत सज्जा भी की गई है।

न्यास समिति के उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं की विशेष तैयारी की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन एवं समिति के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर न्यास समिति की बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार, सुरेन्द्र कुमार तांती, जितेन्द्र कुमार सिंह, बृज मोहन भगत, कपिलदेव प्रसाद, हिमांशु कुमार पाण्डेय, रामानंद सिंह सहित अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आश्वासन दिया।

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Pages