एक्सप्रेस ट्रेन में अब 8 एसी तथा 12 जनरल व स्लीपर कोच होंगे, रेल कोचों की संरचना में बदलाव, जनरल यात्रियों को मिलेगी सुविधा - City Channel

Breaking

Tuesday, February 17, 2026

एक्सप्रेस ट्रेन में अब 8 एसी तथा 12 जनरल व स्लीपर कोच होंगे, रेल कोचों की संरचना में बदलाव, जनरल यात्रियों को मिलेगी सुविधा

एक्सप्रेस ट्रेन में अब 8 एसी तथा 12 जनरल व स्लीपर कोच होंगे, रेल कोचों की संरचना में बदलाव, जनरल यात्रियों को मिलेगी सुविधा


सिटी संवाददाता : मुकेश कुमार सिंह

सिमुलतला/जमुई : जनरल एवं नॉन-एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 22 कोच वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में 12 जनरल व स्लीपर कोच, 8 एसी कोच, 1 जनरेटर कोच तथा 1 लगेज कोच के संचालन का निर्णय लिया है।

पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने जनरल यात्रियों को अधिक सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से एक्सप्रेस ट्रेनों की संरचना में बदलाव करने का निर्देश दिया है।

फिलहाल इस फैसले से सप्तक्रांति, सम्पूर्ण क्रांति, वैशाली, मिथिला एवं पवन एक्सप्रेस ट्रेनों में कोचों की संरचना में बदलाव होगा, जिससे बड़ी संख्या में जनरल यात्रियों को यात्रा का लाभ मिलेगा। वर्तमान में इन ट्रेनों में जहां 10 से 12 एसी कोच होते हैं, उनकी जगह अब 12 जनरल व स्लीपर कोच होंगे, जबकि एसी कोचों की संख्या सीमित कर 8 कर दी जाएगी।

रेलवे ने पूर्व में भी जनरल यात्रियों को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेस ट्रेनों में आईसीएफ कोच हटाकर एलएचबी कोच लगाए थे, ताकि यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके। अब जनरल कोचों की संख्या बढ़ाकर बिहार जैसे राज्यों के जनरल यात्रियों के लिए राहत का निर्णय लिया गया है। इससे छठ पूजा, गंगा स्नान या किसी मेले के आयोजन के दौरान यात्रियों को पहले की अपेक्षा कम परेशानी होगी।

यह उल्लेखनीय है कि भारत में यातायात का प्रमुख साधन रेल है। देश में प्रतिवर्ष लगभग 720 करोड़ यात्री रेल से यात्रा करते हैं। वर्तमान में भारतीय रेलवे में लगभग 57,200 से अधिक नॉन-एसी कोच (जनरल और स्लीपर) संचालित हैं, जो कुल कोचों का लगभग 70% हैं। इन कोचों में 54 लाख से अधिक नॉन-एसी सीटें उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से हर साल 720 करोड़ यात्रियों को सस्ती यात्रा की सुविधा मिलती है, जबकि एसी कोचों की संख्या लगभग 25,000 है।

No comments:

Post a Comment

Pages