विधानसभा में गूंजी आंगनबाड़ी सेविकाओं की आवाज, राजद विधायक ने उठाया अवैध वसूली का गंभीर मामला - City Channel

Breaking

Saturday, February 14, 2026

विधानसभा में गूंजी आंगनबाड़ी सेविकाओं की आवाज, राजद विधायक ने उठाया अवैध वसूली का गंभीर मामला

विधानसभा में गूंजी आंगनबाड़ी सेविकाओं की आवाज, राजद विधायक ने उठाया अवैध वसूली का गंभीर मामला


सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल

सोनो : सोनो–चकाई विधानसभा क्षेत्र की राजद विधायक सावित्री देवी ने आंगनबाड़ी सेविकाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान जोरदार तरीके से आवाज उठाई। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि उनके विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सोनो एवं चकाई प्रखंड की आंगनबाड़ी सेविकाएं लंबे समय से शोषण का शिकार हो रही हैं।

विधायक ने बताया कि उन्हें लगातार सेविकाओं द्वारा शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सोनो एवं चकाई द्वारा प्रत्येक आंगनबाड़ी सेविका से लगभग तीन हजार रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। यह वसूली विभिन्न कार्यों एवं लाभों के नाम पर की जाती है, जिससे सेविकाओं में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है।

इस गंभीर मुद्दे को विधायक सावित्री देवी ने बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार की उपस्थिति में उठाया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं पहले ही सीमित मानदेय पर कार्य कर रही हैं, ऐसे में उनसे अवैध रूप से धन की मांग किया जाना पूरी तरह अन्यायपूर्ण और अमानवीय है।

उन्होंने सदन के माध्यम से राज्य सरकार एवं बाल विकास विभाग से मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विधायक ने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं सरकार की महत्वपूर्ण सामाजिक योजनाओं की रीढ़ हैं और उनके सम्मान व अधिकारों की रक्षा सरकार की जिम्मेदारी है।

विधायक के इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद विधानसभा परिसर से लेकर स्थानीय स्तर तक इस पर चर्चा तेज हो गई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र संख्या 243 से यह पहली बार है जब किसी विधायक ने आंगनबाड़ी सेविकाओं की समस्याओं को इतनी मजबूती और स्पष्टता के साथ सदन में रखा है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बिहार सरकार और संबंधित विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई करते हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages