नवादा में नकली दवाओं के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, हजारों बोतलें व निर्माण सामग्री जब्त
नवादा : नवादा जिले के थाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली दवाओं के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। संयुक्त छापेमारी कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली दवाएं, पैकेजिंग सामग्री और निर्माण में प्रयुक्त कच्चा माल बरामद किया गया है। इस कार्रवाई को जनस्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह अवैध कारोबार ब्रांड प्रोटेक्शन सर्विसिंग प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर नकली दवाओं की री-पैकिंग कर बाजार में खपाने के रूप में संचालित किया जा रहा था। पुलिस बल और ब्रांड प्रोटेक्शन सर्विसिंग प्राइवेट लिमिटेड, पटना के फील्ड ऑफिसर मोहम्मद सदाउल्लाह की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
प्रभारी थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आगे की जांच जारी है। जब्त की गई सभी सामग्री को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
छापेमारी के दौरान एमरोल स्टेस लोशन (70 मिलीलीटर) की 2418 बोतलें, निग्रेल 2 सॉल्यूशन (30 मिलीलीटर) की 5909 बोतलें, लिव 52 सिरप (100 मिलीलीटर) की 2215 बोतलें तथा इबुजेसिक प्लस सिरप (100 मिलीलीटर) की 3765 बोतलें बरामद की गईं। इसके अतिरिक्त विभिन्न ब्रांडों के हजारों रैपर शीट भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग नकली पैकेजिंग में किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से 1915 बॉक्स शेलेल एक्सटी टैबलेट, 50 किलोग्राम कच्चा माल, 3413 खाली बोतलें और 2815 कैप भी बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई से नकली दवाओं के निर्माण और वितरण से जुड़े गिरोहों को बड़ा झटका लगा है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

No comments:
Post a Comment