विदेशी पर्यटकों ने किया सीतामढ़ी स्थित माता सीता मंदिर का भ्रमण, भारतीय संस्कृति की सराहना
नवादा : नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड अंतर्गत सहवाजपुरसराय पंचायत स्थित सीतामढ़ी में मंगलवार को फ्रांस से आए विदेशी पर्यटकों के एक दल ने माता सीता मंदिर का भ्रमण किया। जनक नंदिनी मां जानकी की निर्वासन स्थली के रूप में प्रसिद्ध इस धार्मिक स्थल पर पहुंचकर पर्यटकों ने मंदिर परिसर और आसपास के प्राचीन स्थलों का अवलोकन किया।
विदेशी दल ने मंदिर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, पौराणिक महत्व और भारतीय धार्मिक परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंदिर की स्थापत्य कला तथा स्थानीय लोगों की आस्था की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक शांति प्रदान करने वाला स्थल बताया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में सीतामढ़ी मेले को राजकीय मेले का दर्जा प्रदान किया गया था। नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने मेले का विधिवत उद्घाटन किया था। राजकीय दर्जा मिलने के बाद से इस धार्मिक स्थल की पहचान राज्य स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ी है।
फ्रेंच नागरिकों ने सीतामढ़ी क्षेत्र में स्थित अन्य मंदिरों का भी भ्रमण किया और स्थानीय संस्कृति को करीब से समझने का प्रयास किया। इस दौरान क्षेत्र के समाजसेवी विजय राजवंशी, उपेंद्र राजवंशी, अजय सिंह सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। समाजसेवियों ने विदेशी पर्यटकों का स्वागत करते हुए उन्हें स्थल के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व से अवगत कराया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि राजकीय मेले का दर्जा मिलने और विदेशी पर्यटकों के आगमन से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment