झाझा बस स्टैंड पर रंगदारी वसूली करते युवक को एसपी ने पकड़ा, एक फरार
जमुई : जमुई जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने शुक्रवार को झाझा बस स्टैंड पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान रंगदारी वसूलते हुए एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, एसपी अपने सरकारी आवास से समाहरणालय जा रहे थे। इसी दौरान झाझा बस स्टैंड पर संदिग्ध गतिविधि और यातायात जाम की स्थिति देखकर उन्होंने वाहन रुकवाया और स्वयं स्थिति का जायजा लिया। मौके पर जांच के दौरान एक युवक को बस चालकों से अवैध वसूली करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मलयपुर निवासी लड्डू सिंह उर्फ मुकेश सिंह के रूप में की गई है। इस संबंध में टाउन थाना में बस चालक छोटू खान के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बस चालक छोटू खान ने बताया कि आरोपी द्वारा पार्किंग शुल्क के नाम पर उनसे 350 रुपये की मांग की गई थी। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की भी की। घटना के दौरान आरोपी का एक साथी मौके से फरार हो गया।
इस कार्रवाई के बाद एसपी विश्वजीत दयाल ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में रंगदारी, अवैध वसूली और गुंडागर्दी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


No comments:
Post a Comment