वर्ल्ड एआई समिट में अव्यवस्था के विरोध में भाजयुमो का आक्रोश, राहुल गांधी का पुतला दहन
जमुई : दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित वर्ल्ड एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस द्वारा कथित रूप से कार्यक्रम स्थल में घुसकर हंगामा किए जाने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), जिला जमुई द्वारा शुक्रवार को जमुई के कचहरी चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष विदू भूषण सिंह के नेतृत्व में राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री बृजनंदन सिंह ने कहा कि वर्ल्ड एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में पूरी दुनिया की नजरें भारत पर थीं और इस मंच पर भारत की तकनीकी क्षमता, नवाचार और भविष्य की दिशा को प्रदर्शित किया जा रहा था। ऐसे महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित आयोजन में अव्यवस्था फैलाकर कांग्रेस और उसकी युवा इकाई ने न केवल कार्यक्रम की गरिमा को ठेस पहुंचाई, बल्कि भारत की वैश्विक छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी और नवाचार के क्षेत्र में भारत की भूमिका की सराहना कर रही है, लेकिन कांग्रेस को देश की इस उपलब्धि से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस का उद्देश्य केवल विरोध की राजनीति करना और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करना रह गया है, जो अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष विदू भूषण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लगातार ऐसे कृत्य कर रही है, जिससे देश की छवि को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा देश के युवाओं के हितों, विकास और भारत की प्रतिष्ठा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा और राष्ट्रविरोधी मानसिकता के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराता रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण, युवा मोर्चा जिलामहामंत्री अभिषेक मोदी, राजीव अम्वष्ट, नगर अध्यक्ष राकेश चौधरी, सोशल मीडिया प्रमुख निखिल राज, धर्मेंद्र कुमार, अमन कुमार, राहुल सिंह, कारू सिंह, मल्हु सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कांग्रेस के इस रवैये की निंदा की और देशहित में सकारात्मक राजनीति करने की मांग की।


No comments:
Post a Comment