कला एवं संस्कृति विभाग की पहल : नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार - City Channel

Breaking

Thursday, February 26, 2026

कला एवं संस्कृति विभाग की पहल : नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार

कला एवं संस्कृति विभाग की पहल : नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार

सिटी संवाददाता : राकेश कुमार

जमुई : कला एवं संस्कृति विभाग स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को जिला स्तर से राज्य स्तर तक पहचान दिलाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इसी उद्देश्य के तहत दिनांक 21 फरवरी 2026 से 24 फरवरी 2026 तक कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार एवं जिला प्रशासन जमुई के संयुक्त तत्वावधान में श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम, जमुई में जमुई जिले के स्थानीय कलाकारों के लिए प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस चार दिवसीय कार्यशाला में कलाकारों को विशेष रूप से नुक्कड़ नाटक विधा का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे इस सशक्त माध्यम के जरिए विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक मुद्दों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचा सकें। प्रशिक्षण के दौरान कलाकारों को प्रस्तुति शैली, संवाद प्रभाव, विषय चयन और जनसंपर्क तकनीकों की व्यवहारिक जानकारी भी दी गई।

कार्यशाला के उपरांत “आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सुदूर एवं उग्रवाद प्रभावित प्रखंडों—चकाई, सोनो, झाझा, बरहट एवं खैरा—का चयन किया गया है। इन प्रखंडों में प्रशिक्षित कलाकार नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से उग्रवाद के दुष्परिणाम, जिले के विकास में आने वाली बाधाएँ, मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना, गुरु-शिष्य परंपरा योजना, कलाकार पंजीकरण पोर्टल, स्वच्छता, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, दहेज प्रथा तथा नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाएंगे।

इसी क्रम में दिनांक 25 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्त्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, अधीक्षक मद्य निषेध, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में चयनित प्रखंडों के लिए प्रशिक्षित कलाकारों की नुक्कड़ नाटक टीमों को वाहनों के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह पहल न केवल स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करेगी, बल्कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जन-जागरूकता और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages