जमुई में दो दिवसीय स्पेशल जॉब कैंप का आयोजन, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : जिला नियोजनालय, जमुई द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 20 और 21 फरवरी 2026 को दो दिवसीय स्पेशल जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह जॉब कैंप बरहट प्रखंड के ब्लॉक कैंपस में आयोजित होगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जॉब कैंप में सुबह 10:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। इस दौरान इच्छुक उम्मीदवार विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा निकाली गई रिक्तियों के लिए सीधे आवेदन और साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे।
जॉब कैंप में SIS India Limited, Blink Commerce Private Limited, K.K. Enterprise तथा Creek Ingenious Solutions जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं। इन कंपनियों द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, पिकर, बारकोड स्कैनर, मशीन ऑपरेटर एवं असेंबली लाइन ऑपरेटर जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी।
कुल मिलाकर 120 से अधिक पदों पर बहाली की जाएगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, ग्रेजुएशन एवं डिप्लोमा निर्धारित की गई है। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष के बीच रखी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 12,500 से 29,500 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। कार्यस्थल पैन इंडिया, राजकोट एवं अहमदाबाद में निर्धारित हैं।
जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि जॉब कैंप में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का NCS Portal पर निबंधन अनिवार्य है। बिना निबंधन के अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला नियोजनालय, जमुई कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने योग्य युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment