जमुई स्थापना दिवस की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, इंडियन आइडल फेम गायिका रितिका राज होंगी मुख्य आकर्षण
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : जिले का स्थापना दिवस आगामी 21 फरवरी को भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी श्री नवीन ने श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम पहुंचकर स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंच निर्माण, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि स्थापना दिवस कार्यक्रम जिले के गौरव और पहचान से जुड़ा है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्थापना दिवस समारोह को सभी विभागों के आपसी समन्वय से सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराया जाएगा, ताकि आम जनता इस आयोजन से जुड़ सके।
इस वर्ष स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रितिका राज होंगी, जो इंडियन आइडल मंच से प्रसिद्ध हुई हैं। उनके साथ कार्यक्रम में गायक मनीष मयूर तथा मंच संचालन की जिम्मेदारी एंकर अमित पराशर संभालेंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, स्थापना दिवस के अवसर पर प्रातः 7 बजे प्रभात फेरी, प्रातः 10 बजे विधिवत उद्घाटन, इसके पश्चात विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, जबकि संध्या 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता श्री रवि कांत सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री विरेंद्र कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, स्थापना उप समाहर्ता श्री नागमणि कुमार वर्मा, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री विकेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment