त्रिमूर्ति महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन सम्पन्न
- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा हुआ आयोजित
गिद्धौर : प्रखंड मुख्यालय स्थित एक निजी भवन में त्रिमूर्ति महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हो गया। यह कार्यक्रम प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, गिद्धौर शाखा द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, माताओं-बहनों एवं युवाओं ने भाग लिया।
महोत्सव के अवसर पर बेगूसराय से पधारी मुख्य वक्ता राजयोगिनी कंचन दीदी ने शिव जयंती के आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिव जयंती परमपिता परमात्मा के अवतरण का पावन स्मृति दिवस है, जब वे संसार में बढ़ती अधर्म और अशांति को समाप्त कर सत्य, शांति और प्रेम की स्थापना के लिए अवतरित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान ओम शांति की मधुर ध्वनि और दिव्य गीतों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
वक्ताओं ने बताया कि वर्तमान समय परिवर्तन का दौर है, जब मानवता को आध्यात्मिक जागृति की अत्यंत आवश्यकता है। परमात्मा के ज्ञान और राजयोग के अभ्यास से ही मनुष्य अपने जीवन को सुख, शांति और समृद्धि से भर सकता है। महोत्सव में उपस्थित श्रद्धालुओं ने ध्यान साधना एवं संकल्प सत्र में भाग लेकर आत्मिक शांति का अनुभव किया।
इस अवसर पर गिद्धौर शाखा की बहन ब्रह्माकुमारी सरिता ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भावना का संचार करते हैं। उन्होंने सभी से नियमित रूप से राजयोग ध्यान एवं आध्यात्मिक अध्ययन से जुड़ने का आह्वान किया। 90वीं त्रिमूर्ति महाशिवरात्रि महोत्सव के सफल आयोजन से गिद्धौर क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरण का संदेश प्रसारित हुआ और श्रद्धालुओं ने इसे जीवन में आत्मिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

No comments:
Post a Comment