जमुई में माटी का बल ‘दंगल’ प्रतियोगिता की तैयारियां जोरों पर, जिलाधिकारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, प्रचार रथ रवाना
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई : बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं बिहार राज्य कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में जमुई जिले में आयोजित होने जा रही पारंपरिक माटी का बल ‘दंगल’ कुश्ती प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 14 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक जमुई जिला मुख्यालय स्थित श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजित होने वाले इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग 300 पहलवान भाग लेंगे, जो पारंपरिक भारतीय कुश्ती की समृद्ध विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे। दंगल को लेकर जिले में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता से पूर्व दंगल अखाड़े की तैयारी में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। अखाड़े की मिट्टी को पारंपरिक विधि से तैयार किया जा रहा है, जिसमें दूध, दही, नींबू, हल्दी, देसी घी, कड़वा तेल सहित अन्य प्राकृतिक तत्वों का मिश्रण किया जा रहा है, ताकि पहलवानों को सुरक्षित और उत्तम अभ्यास व मुकाबले का वातावरण मिल सके।
प्रतियोगिता की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए श्री नवीन, जिला पदाधिकारी, जमुई स्वयं स्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दंगल जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इसे सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल, अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, उप विकास आयुक्त सुभाष चन्द्र मंडल, जिला परिवहन पदाधिकारी मो० इरफान आलम, जिला खेल पदाधिकारी नागमणि कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, दर्शकों की सुविधा, खिलाड़ियों के ठहराव एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
बताते चलें कि जमुई प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं, जिससे दंगल प्रतियोगिता शांतिपूर्ण, भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सफल हो सके।


No comments:
Post a Comment