बिहार बोर्ड माध्यमिक परीक्षा 2026 को लेकर जिलाधिकारी एवं एसपी ने की संयुक्त ब्रिफिंग - City Channel

Breaking

Friday, February 13, 2026

बिहार बोर्ड माध्यमिक परीक्षा 2026 को लेकर जिलाधिकारी एवं एसपी ने की संयुक्त ब्रिफिंग

बिहार बोर्ड माध्यमिक परीक्षा 2026 को लेकर जिलाधिकारी एवं एसपी ने की संयुक्त बैठक


सिटी ब्यूरो रिपोर्ट    राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित माध्यमिक वार्षिक परीक्षा, 2026 के शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी नवीन एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 17 फरवरी से 25 फरवरी तक माध्यमिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जमुई जिले में कुल 36 परीक्षा केंद्रों पर 27,166 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों पालियों की परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ से 30 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश मिलेगा। प्रथम पाली (सुबह 9:30 बजे) के लिए सुबह 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली (दोपहर 2:00 बजे) के लिए दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति होगी। विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा जारी निर्देशिका का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। परीक्षा कक्षों में प्रत्येक बेंच पर अधिकतम दो परीक्षार्थी ही बैठेंगे। साथ ही परीक्षा ड्यूटी पर तैनात शिक्षक अपने पास मोबाइल फोन नहीं रखेंगे और निर्धारित स्थान से अनावश्यक रूप से भ्रमण नहीं करेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहते हुए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुभाष चन्द्र मंडल, अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सुजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा, वरीय कोषागार पदाधिकारी सहित सभी केंद्राधीक्षक एवं दंडाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages