बरहट के भूदानपुरी में अग्निकांड, मजदूर गंभीर रूप से झुलसा, घर का सारा सामान राख - City Channel

Breaking

Thursday, January 1, 2026

बरहट के भूदानपुरी में अग्निकांड, मजदूर गंभीर रूप से झुलसा, घर का सारा सामान राख

बरहट के भूदानपुरी में अग्निकांड, मजदूर गंभीर रूप से झुलसा, घर का सारा सामान राख

बरहट, जमुई। जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत भूदानपुरी इलाके में देर रात आग लगने से एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसका परिवार बाल-बाल बच गया। घायल मजदूर की पहचान घुटर मांझी के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुटर मांझी अपने परिवार के साथ पुआल पर सो रहा था। ठंड से बचाव के लिए घर के पास बोरसी जलाई गई थी। सोते समय बोरसी से निकली चिंगारी पुआल में जा गिरी, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग लगते ही परिवार के सभी सदस्य जाग गए और किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

भारी नुकसान, पशु भी जले

इस अग्निकांड में पीड़ित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। आग की चपेट में आने से तीन बकरियां और कई मुर्गियां जलकर मर गईं। इसके अलावा घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय मुखिया अमित कुमार निराला भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर हालात का जायजा लिया।

मुआवजे की मांग

मुखिया ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Pages