जमुई : चाकूबाजी कांड के 85 दिन बाद घायल युवक की पटना में मौत, गांव में आक्रोश
गिद्धौर, जमुई :गिद्धौर थाना क्षेत्र के भौराटांड़ मुसहरी गांव में 4 अक्टूबर को हुए चाकूबाजी कांड में घायल युवक की 85 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बीरेंद्र मांझी के पुत्र टुनटुन मांझी के रूप में हुई है। युवक ने गुरुवार को पटना के पीएमसीएच में अंतिम सांस ली।
मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव को गुरुवार दोपहर सदर अस्पताल जमुई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, यह घटना 4 अक्टूबर की रात गांव में कल्लू मांझी की पुत्री के विवाह समारोह के दौरान हुई थी। मृतक के छोटे भाई सिंटू कुमार ने बताया कि बारात आने के बाद डीजे पर नाच-गान चल रहा था, इसी दौरान बारातियों और कुछ शरारती तत्वों के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव के दौरान कल्लू मांझी, आज़ाद मांझी, ढेका मांझी, रूपेश मांझी, मिंटू मांझी सहित अन्य लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी क्रम में टुनटुन मांझी के पेट में चाकू मार दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में टुनटुन मांझी को पहले सदर अस्पताल जमुई लाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। करीब 85 दिनों तक इलाज चलने के बाद गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से सभी नामजद आरोपी फरार हैं और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। युवक की मौत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
इस संबंध में गिद्धौर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

No comments:
Post a Comment