जमुई में डीएलएसए द्वारा विधिक जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
🔹मानव तस्करी एवं व्यावसायिक यौन शोषण पीड़ितों के अधिकारों पर दी गई जानकारी
जमुई संवाददाता
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BSLSA), पटना के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), जमुई के आदेश पर आज काली मंदिर, लगमा (वार्ड संख्या-15), जमुई में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य विषय “नालसा (मानव तस्करी और वाणिज्यिक यौन शोषण के पीड़ितों हेतु) योजना, 2015” रहा। इस अवसर पर अधिवक्ता भूपेंद्र कुमार शर्मा एवं पारा विधिक स्वयंसेवक (PLV) स्मिता कुमारी ने उपस्थित लोगों को मानव तस्करी एवं व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़ितों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, पुनर्वास, मुआवजा एवं संरक्षण संबंधी कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
वक्ताओं ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद एवं कमजोर वर्ग के लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही, पीड़ितों को न्याय दिलाने हेतु विभिन्न सरकारी योजनाओं और सहायता तंत्र की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। वार्ड संख्या-15 की पार्षद श्रीमती कंचन सिंह ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
डीएलएसए, जमुई की ओर से बताया गया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के वंचित एवं संवेदनशील वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना तथा न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम की रिपोर्ट एवं फोटोग्राफ कार्यालय, डीएलएसए जमुई को प्रेषित किए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment