सिकंदरा में समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (सीएमटीसी) का शुभारंभ, जीविका दीदियों को मिलेगा स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण - City Channel

Breaking

Sunday, January 25, 2026

सिकंदरा में समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (सीएमटीसी) का शुभारंभ, जीविका दीदियों को मिलेगा स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण

सिकंदरा में समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (सीएमटीसी) का शुभारंभ, जीविका दीदियों को मिलेगा स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण

जमुई : जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड में समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (सीएमटीसी) के शुभारंभ के साथ ही अब जीविका समूह की दीदियों का आवासीय एवं गैर-आवासीय प्रशिक्षण ससमय और सुचारू रूप से संपन्न किया जा सकेगा। इस कड़ी में रविवार, 25 जनवरी को भारत सरकार के केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्चुअल माध्यम से केंद्र का शुभारंभ किया गया।

यह केंद्र सिकंदरा प्रखंड में सहयोग जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति द्वारा संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समिति की अध्यक्ष अनवरी खातून ने डीपीएम जीविका श्री संजय कुमार, बीपीएम सिकंदरा श्री धर्मेंद्र कुमार एवं उपस्थित सभी दीदियों का स्वागत किया।

वर्चुअल शुभारंभ के उपरांत सीएमटीसी केंद्र पर सहयोग जीविका संकुल संघ की अध्यक्ष एवं सचिव, डीपीएम जीविका श्री संजय कुमार तथा बीपीएम सिकंदरा श्री धर्मेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

अध्यक्ष अनवरी खातून ने कहा कि सीएमटीसी का संचालन उनके संकुल संघ द्वारा किया जाना गर्व की बात है। इस केंद्र के खुलने से आवासीय एवं गैर-आवासीय प्रशिक्षण स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा और दीदियों को प्रशिक्षण के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा।

इस अवसर पर जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय कुमार, बीपीएम सिकंदरा श्री धर्मेंद्र कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी किरण कुमारी, गणेश कुमार गुंजन, युवा पेशेवर शालिनी कुमारी, क्षेत्रीय समन्वयक संजीव कुमार, सहयोग जीविका संकुल संघ की लीडर दीदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थीं।

सीएमटीसी केंद्र में 35 से 40 व्यक्तियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। केंद्र में आधुनिक प्रशिक्षण हॉल, आवासीय व्यवस्था, भोजन की सुविधा, एलसीडी प्रोजेक्टर, व्हाइटबोर्ड एवं टीवी जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं, जिससे प्रशिक्षण अधिक प्रभावी एवं तकनीक-समर्थ हो सकेगा।

डीपीएम जीविका श्री संजय कुमार ने बताया कि यह जमुई जिले का दूसरा समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र है। इससे पूर्व वर्ष 2024 में गिद्धौर प्रखंड में जिले का पहला सीएमटीसी केंद्र स्थापित किया गया था। उन्होंने कहा कि इस नए केंद्र के शुरू होने से होटल में आयोजित होने वाले आवासीय प्रशिक्षण पर निर्भरता कम होगी तथा नियमित रूप से समूहों, ग्राम संगठनों से जुड़ी दीदियों एवं कैडरों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल जीविका समूह की दीदियों बल्कि कैडरों के कौशल विकास को भी सशक्त बनाएगी, जो आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

No comments:

Post a Comment

Pages