डाॅ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय इन्दपै में भव्य वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन - City Channel

Breaking

Tuesday, January 20, 2026

डाॅ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय इन्दपै में भव्य वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन

 डाॅ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय इन्दपै में भव्य वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन

जमुई :मंगलवार को डाॅ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, इन्दपै (जमुई) में वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, अनुशासन और छात्राओं की बहुआयामी प्रतिभा का सशक्त प्रदर्शन देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, जमुई द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में शिक्षा को जीवन की सबसे मजबूत नींव बताते हुए अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

इसके उपरांत विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य, हास्य-नाटिकाएं एवं देशभक्ति गीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “महिला सशक्तिकरण” विषय पर आधारित भव्य नाटक रहा, जिसने सामाजिक संदेश के साथ उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को भावविभोर कर दिया।

समारोह के दौरान शैक्षणिक एवं पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उप निदेशक, कल्याण, मुंगेर प्रमंडल, मुंगेर एवं जिला कल्याण पदाधिकारी, जमुई द्वारा भी मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। यह क्षण छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का रहा।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासित वातावरण और छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बच्चों को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें एकता, टीम वर्क, आत्म-अभिव्यक्ति और रचनात्मकता की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।

समारोह में उप निदेशक, कल्याण, मुंगेर प्रमंडल, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जमुई सहित जिला स्तर के कई वरीय पदाधिकारी कार्यक्रम की समाप्ति तक उपस्थित रहे और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

अंत में विद्यालय प्रबंधक-सह प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, जमुई श्रीमती सपना सुमन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ ही वार्षिकोत्सव समारोह का विधिवत समापन किया गया।

No comments:

Post a Comment

Pages